MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! धान रोपाई की मशीन पर मिल रही बंपर सब्सिडी, जानें कैसे करें अप्लाई
भोपाल। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए आधुनिक खेती अपनाने का अच्छा मौका है। राज्य सरकार की ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत पैडी (राइस) ट्रांसप्लांटर मशीन पर अनुदान के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक किसान 28 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार योजना में राइडिंग टाइप और वॉक बिहाइंड श्रेणी की राइस ट्रांसप्लांटर मशीनें शामिल हैं। आवेदन dbt.mpdage.org पोर्टल पर किसी भी एमपी ऑनलाइन केंद्र के माध्यम से किए जा सकते हैं।
ये दस्तावेज जरूरी
आवेदन के समय किसानों को खसरा-बी1, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की जरूरत होगी। सबसे अहम शर्त यह है कि आवेदन से पहले अपने बैंक खाते से “सहायक कृषि यंत्री, विदिशा” के नाम डिमांड ड्राफ्ट बनवाना अनिवार्य है। बिना डिमांड ड्राफ्ट के आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
किसानों को जमा करना होगा डिमांड ड्राफ्ट
योजना के तहत राइडिंग टाइप मशीन के लिए 15 हजार रुपए और वॉक बिहाइंड मशीन के लिए 10 हजार रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। कृषि विभाग ने पात्र किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि राइस ट्रांसप्लांटर मशीन से धान की रोपाई कम समय, कम श्रम और अधिक सटीक तरीके से होगी। इससे खेती की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

