
नेपाल में फंसे नागरिकों की सहायता के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव की पहल, परिजनों के लिए हेल्पलाइन, व्हाट्सएप और ईमेल आईडी जारी।
भोपाल। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और त्रासदी पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आपदा के इस कठिन समय में मध्य प्रदेश के कई निवासियों के नेपाल में फंसे होने की सूचना है। सीएम डॉ. यादव ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
नागरिकों को तत्काल राहत और सहायता पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से नेपाल में फंसे नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद और जानकारी मुहैया कराई जाएगी।
सरकार द्वारा जारी आपातकालीन संपर्क सूत्र निम्नलिखित हैं:
हेल्पलाइन नंबर: 011-26772005
व्हाट्सएप नंबर: 9818963273
ईमेल आईडी: recp1mpbhawan@mp.gov.in
नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिक या उनके चिंतित परिजन सहायता, मार्गदर्शन अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए इन नंबरों पर चौबीसों घंटे संपर्क कर सकते हैं।
