प्लॉट विवाद में शाजापुर SP ऑफिस के ASI ने चलाई 12 बोर की बंदूक, 1 की मौत, 2 गंभीर; Rajgarh पुलिस पर भी तानी राइफल
राजगढ़। जिले के तलेन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरालखेड़ी (इकलेरा) में रविवार को प्लॉट विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शाजापुर एसपी कार्यालय में पदस्थ एएसआई (ASI) ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से सरेराह अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी एएसआई और उसके भाई को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी ने पुलिस पर भी बंदूक तानने और गोली लोड करने की कोशिश की थी।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम बिरालखेड़ी रोड निवासी आरोपी एएसआई दिलीप प्रजापति और मुकेश जाटव के बीच प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक प्लॉट का केस कोर्ट से जीतने के बाद आरोपी दिलीप बगल स्थित मुकेश जाटव के प्लॉट पर भी कब्जे का प्रयास कर रहा था। रविवार को जब प्लॉट पर निर्माण कार्य रुकवाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए, तो कहासुनी मारपीट में बदल गई। शुरुआती विवाद एएसआई के पिता आत्माराम प्रजापति के साथ हुआ था। इसके बाद आरोपी एएसआई दिलीप प्रजापति अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
वीडियो बना रहे युवक के सीने में लगी गोली
आरोपी ने सबसे पहले मुकेश जाटव को गोली मारी। बीच-बचाव करने आए सतीश को भी निशाना बनाया। वहीं, घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे दिलीप जाटव (35) के सीने और कंधे में गोली लग गई। तीनों घायलों को तत्काल शुजालपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान दिलीप जाटव की मौत हो गई। घायल मुकेश (40) और सतीश (32) का उपचार जारी है।
भागते समय पुलिस पर भी फायर का प्रयास, फिल्मी अंदाज में दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही तलेन पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हुई। आरोपी एएसआई दिलीप और उसका भाई सुरेश बाइक से तलेन की तरफ भाग रहे थे। बड़बेली के पास पुलिस को देखते ही एएसआई ने चलती बाइक पर बंदूक में गोली लोड कर पुलिस पर फायर करने का प्रयास किया। एसआई शिवराज मीणा ने बताया कि हमने आरोपी के हाथ में बंदूक देखी तो तुरंत अपनी गाड़ी उसकी बाइक के आगे अड़ा दी और जान जोखिम में डालकर एएसआई दिलीप को दबोच लिया। उसके पास से जिंदा कारतूस और मौके से गोलियों के खाली खोके जब्त किए गए हैं।
गाँव में तनाव, एएसपी ने किया मुआयना
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है
प्लॉट विवाद के दौरान आरोपी ने गोली चलाई थी, जिसमें वीडियो बना रहे युवक की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
— धर्मवीर सिंह, थानाप्रभारी, तलेन