MP Kisan News: मोहन सरकार का बड़ा फैसला! मूंग खरीदी का कोटा 25% से बढ़ाकर किया 60%, ई-टोकन व्यवस्था भी स्थगित

MP Kisan News: मोहन सरकार का बड़ा फैसला! मूंग खरीदी का कोटा 25% से बढ़ाकर किया 60%, ई-टोकन व्यवस्था भी स्थगित

एमपी के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब 10 अगस्त तक कर सकेंगे स्लॉट बुकिंग, मूंग उपार्जन की डेट भी बढ़ी

भोपाल। मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था को लेकर सड़कों पर उतरे किसानों के उग्र विरोध के आगे डॉ. मोहन यादव सरकार ने बड़ा फैसला लिया। किसानों के भारी जनाक्रोश और राजधानी भोपाल कूच के ऐलान के बीच 29 जुलाई को मंत्रालय में हुई हाई-लेवल मंत्री समूह की बैठक में शिवराज-मोहन सरकार के अब तक के सबसे बड़े किसान हितैषी फैसलों पर मुहर लग गई है। प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों के लिए तीन बड़ी धमाकेदार घोषणाएं कीं, जिससे लाखों मूंग उत्पादक किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।

मूंग खरीदी का कोटा दोगुने से ज्यादा बढ़ा

कृषि मंत्री कंसाना ने बताया कि केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक राज्य में कुल उत्पादन का केवल 25 प्रतिशत (4.52 लाख मीट्रिक टन) मूंग ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाना था। लेकिन किसानों की मांग और उनके व्यापक हित को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब पात्र किसानों से उनकी मूंग उपज का 25% नहीं, बल्कि सीधा 60% उपार्जन किया जाएगा। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे प्रमुख जिलों में यह लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ बैठेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

ई-टोकन व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित

खाद वितरण को लेकर लागू की गई नई ‘ई-टोकन व्यवस्था’ से पूरे प्रदेश में मचे हाहाकार और किसानों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए सरकार ने इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। जब तक यह समिति खामियों को दूर कर सुधार की सिफारिशें नहीं देती, तब तक पुरानी व्यवस्था से ही खाद बांटी जाएगी।

स्लॉट बुकिंग और खरीदी की तारीखें बढ़ीं

किसानों को राहत देते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की अंतिम तिथियों में बड़ा इजाफा किया है:

स्लॉट बुकिंग: अब किसान 30 जुलाई के बजाय 10 अगस्त तक स्लॉट बुक कर सकेंगे।

खरीदी की अंतिम तारीख 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है।

अन्नदाताओं के हित में हमेशा खड़ी है मोहन सरकार

कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने आश्वस्त करते हुए कहा कि अन्नदाता मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था और समृद्धि की रीढ़ हैं। सरकार उनके पसीने की हर बूंद का वाजिब दाम देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री समूह और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि प्रदेशभर में उग्र हो रहा किसान आंदोलन अब शांत हो जाएगा।

MP Expose
Author: MP Expose

Leave a Comment

और पढ़ें